शारीरिक शिक्षक की राष्ट्रीय पहचान का डिजिटल मंच है NSRS: देशभर के शिक्षक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें: डॉ. पीयूष जैन

शारीरिक शिक्षक की राष्ट्रीय पहचान का डिजिटल मंच है NSRS: देशभर के शिक्षक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें: डॉ. पीयूष जैन

NSRS: डॉ. जैन ने अपने संदेश में कहा, “भारत के खेल भविष्य की शुरुआत स्कूल के मैदान से होती है। शारीरिक शिक्षा शिक्षक ही अक्सर सबसे पहले किसी बच्चे की खेल प्रतिभा को पहचानता है”

शारीरिक शिक्षक की राष्ट्रीय पहचान का डिजिटल मंच है NSRS: देशभर के शिक्षक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें: डॉ. पीयूष जैन

नई दिल्ली। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पेफी) के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पीयूष जैन ने देशभर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों से नेशनल स्पोर्ट्स रिपॉजिटरी सिस्टम (NSRS) पोर्टल पर अपना पंजीकरण करने का आहवान किया है।

उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षकों की योग्यता, अनुभव और खेल विशेषज्ञता को एक राष्ट्रीय डिजिटल मंच पर दर्ज करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

डॉ. जैन ने अपने संदेश में कहा, “भारत के खेल भविष्य की शुरुआत स्कूल के मैदान से होती है। शारीरिक शिक्षा शिक्षक ही अक्सर सबसे पहले किसी बच्चे की खेल प्रतिभा को पहचानता है और उसे आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है। मैं देशभर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों से आग्रह करता हूं कि वे NSRS पोर्टल पर अपना पंजीकरण करें और अपने साथी शिक्षकों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करें।”

Advertisement

शिक्षकों की योग्यता और अनुभव का बनेगा राष्ट्रीय रिकॉर्ड

NSRS खेल मंत्रालय द्वारा संचालित एक डिजिटल व्यवस्था है। इसमें शारीरिक शिक्षा पेशेवरों के लिए अलग मॉड्यूल शुरू किया गया है। इसके माध्यम से जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, खेल विशेषज्ञता और उपलब्धियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा। यह जानकारी भविष्य में प्रशिक्षण की जरूरतों को समझने और बेहतर योजना बनाने में उपयोगी हो सकती है।

डॉ. जैन ने कहा, “हमारे शारीरिक शिक्षा शिक्षक शहरों से लेकर गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक बच्चों को खेलों से जोड़ रहे हैं। उनकी मेहनत, अनुभव और विशेष कौशल की जानकारी राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध होना जरूरी है। इससे शिक्षकों की जरूरतों को समझने और शारीरिक शिक्षा को मजबूत बनाने के प्रयासों को बेहतर दिशा मिल सकती है।”

उन्होंने सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में कार्यरत योग्य शारीरिक शिक्षा पेशेवरों से पोर्टल के निर्देशों के अनुसार पंजीकरण करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यालय प्रमुखों और संस्थान प्रबंधन से भी अनुरोध किया कि वे शिक्षकों को इस प्रक्रिया के लिए आवश्यक समय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएं।

बच्चों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने में शारीरिक शिक्षक की अहम भूमिका 

डॉ. जैन ने कहा कि शारीरिक शिक्षा शिक्षक का काम केवल खेल प्रतियोगिताएं कराना नहीं है। वह बच्चों में फिटनेस, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उनकी खेल क्षमता को पहचानने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्कूलों और खेल संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल से प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा, “हर बच्चे को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए स्कूल के मैदान में काम करने वाले शिक्षक को मजबूत बनाना जरूरी है। मेरा मानना है कि पंजीकरण के साथ शिक्षकों को उपयोगी प्रशिक्षण और सहयोग देने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।”

Advertisement

NSRS पोर्टल पर ऐसे करें पंजीकरण

शिक्षक आधिकारिक पोर्टल https://account.kheloindia.gov.in पर जाकर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध होने पर “Physical Education Professional” या “PE Teacher” की उपयुक्त श्रेणी चुनें और वहां दिए गए निर्देशों का पालन करें।

पंजीकरण के दौरान इन बातों का ध्यान रखें

• अपनी शैक्षणिक योग्यता, संस्थान, अनुभव और खेल उपलब्धियों से जुड़े दस्तावेज तैयार रखें।
• सभी जानकारी आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार सही भरें।
• आवेदन जमा करने से पहले विवरण दोबारा जांच लें।
• पंजीकरण की पावती और सिस्टम से मिली पहचान संख्या सुरक्षित रखें।
• सत्यापन और प्रोफाइल अपडेट से जुड़े आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
• अपना पासवर्ड और ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा, “मैं देश के प्रत्येक योग्य शारीरिक शिक्षा शिक्षक से अनुरोध करता हूं कि वे इस पहल से जुड़ें। इसे केवल ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया न मानें, बल्कि अपनी योग्यता और अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज करने का अवसर समझें। आइए, बच्चों को खेलों के बेहतर अवसर देने और भारत का खेल भविष्य संवारने में मिलकर योगदान दें।”

Advertisement

ALSO READ: Champions 11 Cricket League: Building India’s Next Generation of Cricketing Champions