24 सितम्बर, 2025, नई दिल्लीः अग्रणी एक्सेसिबिलिटी संगठन स्वयं को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए ऑफिशियल एक्सेसिबिलिटी पार्टनर नियुक्त किया गया है
गौरतलब है कि चैम्पियनशिप का आयोजन 27 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2025 के बीच होना है। खेलों को अधिक समावेशी बनाने की प्रतिबद्धता के साथ स्वयं ने दिल्ली-एनसीआर के 13 होटलों, खेल स्थल एवं दो प्रशिक्षण स्थलों का विस्तृत ऑडिट किया। पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी में स्वयं इन स्थानों के लिए कस्टमाइज़्ड परिवहन समाधान उपलब्ध कराएगा, ताकि पैरा एथलीट्स के लिए सुगम्य गतिशीलता को सुनिश्चित किया जा सके। नौ दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार दिल्ली में किया जा रहा है, जहां 100 देशों से 2200 से अधिक पैरा-एथलीट्स हिस्सा लेंगे।
साथ ही दिल्ली यातायात पुलिस, डीटीसी बस के कर्मचारियों और मोबिलिटी प्रबन्धन से जुड़े अधिकारियों तथा 650 से अधिक स्वयंसेवकों के लिए एक जागरुकता कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिन्हें चैम्पियनशिप के दौरान पैरा-एथलीट्स की सहायता का ज़िम्मा सौंपा गया है।
साझेदारी पर खुशी ज़ाहिर करते हुए पीसीआई के प्रेज़ीडेन्ट देवेन्द्र झझारिया ने कहा, ‘‘हमें यह घोषणा करते हुए खुशी का अनुभव हो रहा है, स्वयं वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए एक्सेसिबिलिटी पार्टनर है, हाल ही के वर्षों में भारत को सबसे बड़े पैरा-एथलेटिक इवेंट्स में से एक इस चैम्पियनशिप के आयोजन का गौरव प्राप्त हुआ है। हम पिछले कई सालों से स्वयं के साथ जुड़े हुए हैं, इस दौरान उन्होंने परिवहन को सुगम्य बनाकर, जागरुकता प्रशिक्षण के आयोजन तथा खेल स्थलों पर सुगम्यता बढ़ाकर हमें निरंतर सहयोग प्रदान किया है। इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए स्वयं ने हाल ही में चैम्पियनशिप के आयोजन स्थलों का व्यापक एक्सेसिबिलिटी ऑडिट किया तथा इसकी रिपोर्ट पीसीआई के समक्ष पेश की और ये सभी कार्य निःशुल्क प्रयास के रूप में किए गए हैं। इस तरह के प्रयास हमारे पैरा-एथलीट्स को अधिक समावेशी माहौल उपलब्ध कराते हैं, उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सशक्त बनाते हैं।’’
इस अवसर पर सुश्री स्मिनु जिंदल, संस्थापक- चेयरपर्सन, स्वयं ने कहा, ‘‘दिल्ली के लिए गर्व की बात है कि इसे पहली बार वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रांड चैम्पियनशिप के आयोजन का अवसर मिला है। और स्वयं को एक्सेसिबिलिटी पार्टनर नियुक्त किया जाना भी अपने आप में गौरव है। इस साझेदारी के माध्यम से से हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि पैरा-एथलीट्स, अधिकारियों अैर दर्शकों को ऐसा माहौल उपलब्ध कराना चाहते हैं, जहां पैरा-एथलीट्स की ज़रूरतों को सम्मान दिया जाए, उन्हें बेहतर अनुभव प्रदान किया जाए। आवास एवं खेल स्थलों के ऑडिट से लेकर प्रशिक्षण तक, हम सभी दृश्य एवं अदृश्य बाधाओं को दूर करना चाहते हैं। एक्सेसिबिलिटी यानि सुगम्यता एक अधिकार है और यह चैम्पियनशिप हमें यह दर्शाने का मौका देती है कि किस तरह हम समावेशन को अपना सकते हैं। स्वयं में हम भारतीय टीम को आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि भविष्य में भी उन्हें इस तरह के अवसर उपलब्ध कराते रहेंगे।”
ऑडिट एवं प्रशिक्षण के अलावा स्वयं पैरा-एथलीट्स को मोबिलिटी-अनुकूल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराता है, ताकि होटल, प्रेक्टिस ज़ोन एवं स्टेडियम के बीच उनके आवागमन को सुगम्य बनाया जा सके। 186 मैडल इवेंट्स के साथ यह चैम्पियनशिप देश में समावेशी इवेंट प्रबन्धन के लिए इंटरनेशनल पैरा-स्पोर्ट्स में बेंचमार्क स्थापित करेगी। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को 1982 में एशियन गेम्स और 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन के लिए याद किया जाता है। एक बार फिर से स्टेडियम सभी प्रतिभागियों के लिए अखंडता एवं स्वतन्त्रता को सुनिश्चित करने के लिए सुर्खियों में आ गया है।
खेलों में सुगम्यता बढ़ाने के व्यापक इतिहास के साथ स्वयं ने मुख्य आयोजनों जैसे टोकियो पैरालिम्पिक्स 2021 और पेरिस पैरालिम्पिक्स 2024 के दौरान पैरालिम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी की है। संगठन ने बैंगलोर में एथलेटिक इंटरनेशनल चैम्पियनशिप और रीजनल स्पोर्ट्स ट्रेनिंग 2023 में योगदान दिया है तथा 2020 के बाद से डिसेबिलिटी क्रिकेट काउन्सिल ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी की है। अपनी शुरूआत के बाद से स्वयं ने पहले खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 में मुख्य भूमिका निभाई है तथा खेलों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है।
स्वयं के बारे में
स्वयं एक अग्रणी एक्सेसिबिलिटी संगठन है जिसका उद्देश्य कम मोबिलिटी वाले लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं एवं परिवहन में सुधार लाना और सुलभता बढ़ाना है। सुगम्यता बढ़ाने से उन्हें अनुकूल माहौल मिलता है, फिर चाहे उनकी शारीरिक क्षमता कैसी भी हो। इस परोपकारी कारोबार की स्थापना सुश्री स्मिनु जिंदल ने अक्टूबर 2000 में की थी। सुश्री स्मिनु जिंदल चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल स्वयं एक गैर-लाभ संगठन है जो दुनिया के लिए बाधा मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए तत्पर है।


